द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के बरही में दो वर्ष की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की घटना के विरोध में विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर में झारखंड छात्र मोर्चा द्वारा विरोध सह जागरूकता मार्च निकाला गया। इस रैली में यूसेट, इंटीग्रेटेड बीएड, एमबीए, लॉ सहित विभिन्न संकायों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रैली की शुरुआत केंद्रीय पुस्तकालय से हुई, जो पूरे विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण करते हुए प्रशासनिक भवन तक पहुंची। इस दौरान छात्रों ने महिलाओं को सम्मान देने, बलात्कारियों को कठोर सजा देने, दोषियों को फांसी देने और महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने जैसे नारों के माध्यम से अपना आक्रोश और संवेदना व्यक्त की।
.jpeg)
प्रशासनिक भवन पहुंचने पर कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर पूरी तरह सजग है तथा इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत निंदनीय हैं। उन्होंने समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा पर चिंता जताते हुए निरंतर जागरूकता अभियान की आवश्यकता पर बल दिया। छात्र नेताओं ने भी अपने विचार रखे। चंदन सिंह ने विश्वविद्यालय में महिला सुरक्षा सेल की सक्रिय भूमिका को और मजबूत करने की बात कही, जबकि लड्डू यादव और साजन मेहता ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फास्ट ट्रैक सुनवाई की मांग की। छात्र मोर्चा की निर्जला सिंह ने कहा कि छात्र संगठनों की जिम्मेदारी है कि वे छात्राओं के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता फैलाएं। इस अवसर पर कई छात्र नेता एवं सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे।
